पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

👉

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप



पकरीबरावां थाना क्षेत्र के केशऔरी गांव के बधार में मिला शव

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, हो रहे बेसुध 

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा : 

पकरीबरावां थाना क्षेत्र के केशऔरी गांव के बधार स्थित आम के पेड़ से लटकते एक युवक का शव बरामद किया गया। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। यह खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान उसी गांव के सुचित सिंह के पुत्र रोहित कुमार के रूप में की गई है। घटना की जानकारी पाकर अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। इधर, मृतक के परिजनों का कहना है कि रोहित की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए ऐसा किया गया है। परिजनों ने बताया कि गांव में ही एक शख्स से पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। पैसे के लेनदेन को लेकर दो दिन पूर्व मारपीट की गई थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इसी विवाद में मारपीट कर हत्या कर दी गई है और साक्ष्य छिपाने व आत्महत्या का रूप देने को लेकर शव को पेड़ से लटका दिया गया। उन्होंने बताया कि रोहित बुधवार को शाम में घर से निकला था। फिर लौटकर नहीं आया। गुरूवार को सूचना मिली कि गांव से एक किलोमीटर दूर बधार में उसका शव पेड़ से लटका हुआ है। घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पकरीबरावां थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या या आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्य रोते हुए बेसुध हो जा रहे थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post