भीड़ बनी रही तमाशबीन, देवी बनकर आई प्राइवेट नर्स ने बीच सड़क पर कराया प्रसव

👉

भीड़ बनी रही तमाशबीन, देवी बनकर आई प्राइवेट नर्स ने बीच सड़क पर कराया प्रसव



धनबाद से नवादा पहुंचने के बाद कौआकोल जा रही थी प्रसूता

रेलवे गुमटी के समीप प्रसव पीड़ा से छटपटाने लगी महिला

डायल 112 की पुलिस व दो अन्य लोग मदद को आए आगे 

अमन सिन्हा इलू, नवादा। 

एक महिला प्रसव पीड़ा से बीच सड़क पर ही छटपटाने लगी। इसी बीच वहां से गुजर रही एक निजी क्लीनिक की नर्स ने बीच सड़क पर ही प्रसव कराया और महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। इस दौरान सबसे कष्टकारी स्थिति यह रही कि महिला काफी देर से छटपटा रही थी। लेकिन वहां पर जमी भीड़ तमाशबीन रही और कोई भी उसकी मदद को आगे नहीं आया। यह तो गनीमत थी वहां से गुजर रही प्राइवेट नर्स रिंकू कुमारी, देवी बनकर आई और उस महिला की मदद की। नर्स की आग्रह पर एक महिला ने मदद के लिए आगे बढ़ी। इसी दौरान एक पुरूष के सहयोग से डायल 112 की पुलिस टीम को बुलाया गया और टीम ने वहां से प्रसूता को सदर अस्पताल पहुंचाया। यह पूरा वाक्या नवादा-जमुई पथ पर शहर के रेलवे गुमटी के समीप घटी। 

दरअसल, कौआकोल के लौहसिंहानी भलुआही गांव निवासी अजय कुमार की गर्भवती पत्नी खुशबू देवी अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ धनबाद से आ रही थी। पति धनबाद में ही काम करते हैं। महिला बस से नवादा उतरी और कौआकोल जाने के लिए तीन नंबर बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। तभी रेलवे गुमटी से थोड़ी दूर आगे बढ़ते ही वह प्रसव पीड़ा से तड़पने लगी। दर्द के मारे वह बीच सड़क पर ही छटपटाने लगी। इस दौरान लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने मदद के लिए कदम नहीं बढ़ाया। वहां से गुजर रही प्राइवेट अस्पताल की नर्स भीड़ देखकर ठहर गई। नर्स ने देखा कि महिला प्रसव पीड़ा से सड़क पर छटपटा रही है। वह तत्काल मदद में जुट गई। जांच में देखा कि बच्चा जननांग से आधा बाहर आ चुका है। कुछ महिलाओं को आग्रह कर घेरा लगवाया और प्रसव कराया। तभी एक व्यक्ति ने डायल 112 को सूचित कर दिया। जानकारी मिलते ही चंद मिनटों में डायल 112 की टीम वहां पहुंच गई। इसके बाद महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। महिला के अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्यकर्मी भी हरकत में आ गए और इलाज में जुट गए। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित बताए गए हैं। 


डायल 112 की भी भूमिका रही सराहनीय

इस पूरे प्रकरण में डायल 112 की पुलिस टीम की भूमिका भी काफी सराहनीय रही। सूचना मिलने के चंद मिनटों में ही एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची। तत्काल प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में जाम की भी समस्या थी। जिससे निबटते हुए प्रसूता को अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने डायल 112 टीम की भी तारीफ की है। 

--------

सभी बयान के साथ संबंधित का फोटो लगाना है 

- अस्पताल से ड्यूटी कर घर लौट रही थी। तभी भीड़ पर नजर पड़ी। देखा कि प्रसव पीड़ा से एक महिला तड़प रही है और भीड़ तमाशबीन बनी है। लिहाजा महिला को जरुरी सहयोग प्रदान कर प्रसव कराया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं।

रिंकू कुमारी, नर्स प्राइवेट अस्पताल।


ई-रिक्शा से पोती को लेकर घर जा रही थी। तभी रास्ते में भीड़ पर नजर पड़ी। देखा कि महिला सड़क पर छटपटा रही है और भीड़ में खड़े लोग तमाशबीन बने हैं। नर्स मैडम के सहयोग से उस महिला को अस्पताल पहुंचाया। 

आशा देवी, सहयोग करने वाली महिला।


महिला सड़क पर तड़प रही थी। तत्काल डायल 112 को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस के सहयोग से महिला को लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं। महिला ने पुत्र को जन्म दिया है। 

सुनील पासवान, सहयोग करने वाला व्यक्ति।


सूचना मिली कि रेलवे गुमटी के समीप एक महिला प्रसव पीड़ा से तड़प रही है। तत्काल टीम के साथ वहां पहुंचे और महिला को लाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने बच्चे को जन्म दिया। दोनों स्वस्थ्य हैं।

मनोज कुमार एएसआई, डायल 112।

Post a Comment

Previous Post Next Post