पहली सोमवारी पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

👉

पहली सोमवारी पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय



- भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर दिखे शिव भक्त

- भक्तों ने जलाभिषेक कर की  सुख समृद्धि की कामना 

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा :

सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव व बोलबम के नारों से मंदिर गुंजायमान हो गया। सोमवार की अहले सुबह से ही शिवालय हर-हर महादेव, बम-बम भोले की जयघोष से गूंजते रहे। नवादा शहर समेत सभी प्रखंड व पंचायतों में लोगों ने भक्तिभाव के साथ महादेव की पूजा अर्चना की। भगवान भोलेनाथ का सबसे प्रिय महीना सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए शिव-भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिवलिग पर जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने अपने पूरे परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवारी को लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखा गया। कई भक्त गेरुआ वस्त्र धारण कर शिवालयों में जलाभिषेक करने पहुंचे थे। पूजा-अर्चना और आरती, भजन की‌र्त्तन से मौहाल भक्तिमय हो गया। कई महिला व पुरुष भक्तों ने पूरे दिन उपवास रखकर भोले बाबा की पूजा की। शिवभक्तों ने गंगा जल के साथ ही बेलपत्र, फल-फूल, भांग, धथूरा अर्पित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पूजन को लेकर शहर के बाबा शोभनाथ पंचमुखी महादेव मंदिर, साहेब कोठी शिव मंदिर, न्यू एरिया पातालपुरी, न्यू एरिया कृष्णापुरी, पार नवादा, बुंदेलखंड, मिर्जापुर रामजानकी मंदिर, बुधौल स्थित शिव मंदिर, नारदीगंज गढ़पर शिव मंदिर समेत तमाम शिवालयों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई। मंदिर पहंचे तमाम श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन दिखे। मंदिरों में देर शाम तक पूजन-पाठ को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वहीं साहेबकोठी मंदिर, शोभनाथ मंदिर समेत कई स्थानों पर मंदिर कमेटी की ओर से संध्या आरती की गई।


जलाभिषेक को लगा रहा तांता

प्रखंड से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिवालयों में भक्ति की रस धारा बहती रही। सुबह से ही जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में तांता लगा रहा। शोभ मंदिर में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बारी बारी से पूजा अर्चना की। मंदिरों में कई भक्तों ने रुद्राभिषेक भी किया। मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए महिलाओं की काफी भीड़ देखी गई। 


भजन कीर्तन का चलता रहा दौर

मंदिरों में भजन कीर्तन का दौर शुरू हो गया है। भक्तों की टोली भजन पर झूमते नजर आई। लोग शिव की भक्ति में तल्लीन रहे। वहीं कई लोगों ने उपवास रखा।


देवघर के लिए रवाना हुई कांवरियों की टोली

सावन माह के शुरू होते ही भगवान शिव पर जलाभिषेक करने के लिए देवघर की ओर लोग कूच करने लगे हैं। गेरूआ कपड़े धारण कर हाथ में कांवर लिए श्रद्धालुओं की टोली रवाना हो रही है। शिव भक्त सुलतानगंज से गंगा जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा वैद्यनाथ के दरबार में पहुंचेंगे और जलाभिषेक करेंगे। ट्रेन, बस पर कांवरियों का जत्था दिखने लगा है। कई लोग चार पहिया वाहन रिजर्व कर देवघर की ओर जाते दिखे। 


भगवा कपड़ों से पटा बाजार

सावन माह में शिव भक्तों की पसंद गेरूआ कपड़े होते हैं। लिहाजा नवादा शहर समेत ग्रामीण इलाकों की दुकानें भगवा कपड़ों से पट गई है। जहां लोग कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। शहर के मेन रोड, अस्पताल रोड समेत कई जगहों पर भगवा कपड़े की दुकानें सज गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post