आगजनी कांड की राजनीतिकरण को माफ नहीं करेगा नवादा : विवेक ठाकुर

👉

आगजनी कांड की राजनीतिकरण को माफ नहीं करेगा नवादा : विवेक ठाकुर



सांसद ने राजद-कांग्रेस पर साधा निशाना- कहा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की हुई कोशिश

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा :

सांसद विवेक ठाकुर ने कहा है कि कृष्णा नगर आगजनी कांड का जितना राजनीतिकरण किया जा रहा है, उसे नवादा कभी माफ नहीं करेगा। नवादा में सभी सौहार्दपूर्ण स्थिति में रह रहे हैं और इस स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश राहुल गांधी, मलिकार्जुन खड़गे और लालू-तेजस्वी की है। उन सबने प्रयास किया कि नवादा में सामाजिक तनाव पैदा किया जाए। सांसद ने कहा कि यह जमीन विवाद दशकों पुराना और लालू यादव के कालखंड का है। जमीन हड़पने का अनुमोदित प्रणाली लालू राज में था। लेकिन जैसे ही उन्हें यह पता चला कि यह आपसी जमीन विवाद का मामला है, वैसे ही नवादा आने के लिए तैयार विपक्षियों ने बक्सा समेट लिया। प्रतिनिधिमंडल भेजने लगे। उन्हें लगा कि उपजाऊ खेती है। लेकिन कुछ मिला नहीं। उन्होंने कहा कि अपराधियों की कोई जात नहीं होती है, इस तरह से इस पहलू को देखना चाहिए। उन्हें (विपक्षी) सौहार्द स्वीकार नहीं है। राहुल गांधी भारत से लेकर विदेश तक सौहार्द बिगाड़ने की राजनीति कर रहे हैं। नवादा सकारात्मक राजनीत और विकास की तरफ चल पड़ा है। अगर उस पहिया को लोग रोकने की कोशिश करेंगे तो नवादा के लोग उसे माफ नहीं करेंगे। पुराने इतिहास को नवादा के लोग बदल रहे हैं। भारत और बिहार सरकार ने पीड़ितों के पुनर्वास पर ध्यान दिया है, उससे पीड़ित खुश हैं। इंडी एलायंस के नेता सब नकारात्मक राजनीति करते हैं। मुख्यमंत्री लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित नौजवानों ने घटना की सूचना दी तो तत्काल डीएम-एसपी से बात की। प्रशासन ने काफी मुस्तैदी से काम किया, इतना क्विक रिस्पॉन्स कभी नहीं हुआ। मगध के इतिहास में इतना कभी नहीं हुआ। विपक्षी छटपटाहट में हैं। लेकिन लोग अब फालतू बातों में नहीं फंसते हैं। मुख्यमंत्री के नीतीश के राज में सामाजिक तनाव देखने को नहीं मिला है। कृष्णा नगर के पीड़ितों को सहारा देने के लिए मदद की गई है। प्रत्येक को करीब 1 लाख 40 हजार रुपये दिए गए हैं। आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। 26 लोगों ने अभी तक विद्युत कनेक्शन के आवेदन दिया है। मनरेगा में नाम जोड़ा जा रहा है। सांसद ने कृष्णा नगर जाकर पीड़ितों से हालचाल जाना और घटना की विस्तृत जानकारी ली। मौके पर पूर्व विधायक अनिल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post