अलग-अलग हादसे में दो लोगों की गई जान, कई जख्मी

अलग-अलग हादसे में दो लोगों की गई जान, कई जख्मी



वारिसलीगंज व हिसुआ थाना क्षेत्र में हुआ सड़क हादसा

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा : 

नवादा में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं। पहली घटना वारसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघी बरडीहा गांव के आगे हुई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई है। जबकि एक की हालत काफी गंभीर है। मृतक की पहचान पकरीबरावां प्रखंड के केशोरी गांव के स्व. विजय सिंह के पुत्र 22 वर्षीय सनोज कुमार के रूप में की गई है। जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मृतक के भाई सोनू कुमार ने कहा कि सनोज बीए पार्ट थर्ड का एग्जाम देकर नारदीगंज से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ता में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने धक्का मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। भाई के साथ रहा दोस्त मोनू कुमार की हालत काफी गंभीर है। जिसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलते ही वारसलीगंज विधायक अरुणा देवी घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने घटना पर दुख जताया और रफ्तार पर नकेल कसने की मांग की। वारिसलीगंज थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिन्हा ने कहा कि विधायक के प्रयास से जाम को हटाया गया। शव को कब्ज में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

दूसरी घटना हिसुआ थाना क्षेत्र के भूलन बीघा गांव के समीप हुई। ट्रैक्टर और बोलेरो की टक्कर में बोलेरो पर सवार युवक की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान कहरिया गांव निवासी राजेंद्र मांझी के 14 वर्षीय पुत्र शैलेश कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि शैलेश अपने चचेरे भाई धीरज कुमार का बराती मंझवे गांव जा रहा था। तभी कहरिया गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को अपनी कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय विधायक नीतू सिंह ने कहा कि तेज रफ्तार के कारण लोगों की जान जा रही है। तेज रफ्तार चलने वाले पर पुलिस कार्रवाई करे। इधर, एकलौते पुत्र की मौत से पूरे परिवार में मातम पसर गया है। घटना के बाद हिसुआ थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। एक घंटा के अंदर जाम को हटा दिया गया। 


तीन जगह पर छह लोग जख्मी

जिले के अकबरपुर, नरहट, और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तीन स्थानों पर भीषण सड़क दुर्घटना में 6 लोग जख्मी हुए हैं। सभी जख्मियों को सरकारी अस्पताल नवादा में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर विक्रम कुमार के द्वारा सभी लोगों को पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post