वारिसलीगंज में महिला की संदिग्ध मौत, जहर खिलाकर हत्या का आरोप

👉

वारिसलीगंज में महिला की संदिग्ध मौत, जहर खिलाकर हत्या का आरोप



वारदात के बाद ससुराल वाले घर छोड़कर हुए फरार

13 साल पहले हिंदू रीति रिवाज से हुई थी शादी 

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा : 

वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर चंडीपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई। मायके के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि दहेज के खातिर हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान रविश कुमार की पत्नी 30 वर्षीया आरती देवी के रूप में की गई है। वह शेखपुरा जिले के अजय सिंह की पुत्री थी। मृतका के मायके के परिजनों का आरोप है कि जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। 

मृतका के भाई सिंटू कुमार ने बताया कि 13 साल पहले बहन की शादी हिंदू रीति रिवाज से चंडीपुर निवासी अर्जुन सिंह के पुत्र रविश कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से अक्सर बहन से रुपये की मांग की जाती थी। कई बार कभी 20 हजार तो कभी 30 हजार रुपये दिए भी गए। लेकिन धीरे-धीरे डिमांड बढ़ता चला गया। इससे आजिज होकर बहन ने मायके से रुपये मांगना बंद कर दिया। जिसे लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। आखिरकार ससुराल वालों ने मिलकर उसे जहर खिलाकर मार डाला। घटना की जानकारी मिलने पर बहन के ससुराल पहुंचे तो देखा कि परिवार वाले घर छोड़ कर फरार हैं। मृतका आरती को एक बेटा और एक बेटी भी है। मृतका के भाई चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मायके के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस बाबत थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि घर से शव बरामद किया गया। फॉरेंसिक टीम ने घर पर पहुंच कर आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। इधर, लोगों के बीच चर्चा है कि पति के साथ विवाद में पत्नी ने जहर खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। अब पुलिस अनुसंधान में ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि महिला की हत्या हुई या फिर उसने आत्महत्या की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post