नवादा के छह लोगों की सड़क हादसे में मौत, नरहट और हिसुआ के रहने वाले थे सभी

नवादा के छह लोगों की सड़क हादसे में मौत, नरहट और हिसुआ के रहने वाले थे सभी



बख्तियारपुर में हाइवा और स्कॉर्पियो के बीच हुई टक्कर 

मुंडन के लिए जा रहे बाढ़ के उमानाथ घाट

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा : 

बिहारशरीफ-बख्तियारपुर मार्ग पर मानसरोवर पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में नवादा के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग जख्मी हो गए। हाइवा व स्कॉर्पियो की टक्कर में यह दिल दहलाने वाली घटना हुई। तीन  मृतक नरहट थाना क्षेत्र के हमीदपुर बारा गांव व तीन हिसुआ थाना क्षेत्र के कहरिया गांव के रहने वाले हैं। मृतकों में हमीदपुर बारा गांव के बाबूलाल यादव की पत्नी पार्वती देवी (60), स्व. पिंटू यादव की बेटी रिया कुमारी (03) व विनोद यादव की पत्नी निर्मला देवी (50), तथा हिसुआ के कहरिया बेलदारी गांव के विष्णुधारी यादव की पत्नी फूलवा देवी (55), पुत्र नीरज कुमार (25) और विशुनदेव की बहन रामवृक्ष माहतो की पत्नी कमला देवी (50) शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में कोहराम मच गया। लोगों के चीत्कार से पूरे गांव में मातम छा गया। 

बताया जाता है कि सभी लोग हमीदपुर बारा गांव से मुंडन के लिए बाढ़ के उमानाथ घाट जा रहे थे। हमीदपुर बारा गांव के मुकेश कुमार के पुत्र हीरालाल का बाढ़ के उमानाथ मंदिर में मुंडन का कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने सभी लोग दो निजी वाहनों से जा रहे थे। मृतकों में मुकेश की चाची, भतीजी व चचेरी दादी शामिल हैं। वहीं घायलों में अर्जुन यादव की पत्नी रीता देवी, बिरेन्द्र यादव की पत्नी मीना देवी व बिनोद यादव का बेटा कौशल कुमार शामिल हैं। कौशल स्कॉर्पियो का ड्राइवर बताया जाता है। बताया जाता है कि ड्राइवर के झपकी आने के कारण ही स्कॉर्पियो हाइवा में जाकर टकरा गयी। 


हमीदपुर बारा गांव में पसरा मातमी सन्नाटा 

घटना की जानकारी मिलने पर हमीदपुर बारा गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन बना था। घर में खुशियों का माहौल गम में तब्दील हो गया। ग्रामीण भी घटना से हतप्रभ थे। गांव में हर व्यक्ति की आंखें नम हैं। 


मृतकों के घर पर पहुंची लोगों की भीड़

हिसुआ थाना क्षेत्र के बेलदरिया गांव निवासी एक ही परिवार को तीन लोगों की मौत हो गयी। इसकी जानकारी मिलने पर लोगों की भीड़ वहां जुट गई। हर कोई घटना से दुखी था। स्व. विष्णुधारी यादव की पत्नी फूलवा देवी धार्मिक विचार की महिला थी। धार्मिक गतिविधियों में वह काफी सक्रिय रहती थी। गांव में लोग उसे भगतिन के नाम से भी पुकारते थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post