हादसे में युवक की मौत, शादी के घर में छाया मातमी सन्नाटा

👉

हादसे में युवक की मौत, शादी के घर में छाया मातमी सन्नाटा



प्रतिनिधि, विश्वास के नाम पकरीबरावां :

नवादा जिले के पकरीबरावां- वारिसलीगंज पथ पर धेवधा गांव में मुर्गी पालन के पास हुए सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान डोला गांव के लखनपुरा निवासी राजन मांझी के पुत्र नीरज कुमार के रूप में की गई है। वहीं, घायलों में बुधन मांझी का पुत्र राकेश कुमार व बुंदेल मांझी का पुत्र पंकज मांझी शामिल है। बताया जाता है कि देर शाम तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर पकरीबरावां की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो से सीधी टक्कर हो गई। बोलेरो वाहन संख्या- जेएच.1वी 5896 उत्पाद विभाग की बताई जा रही है, जो तेज गति में वारिसलीगंज की ओर जा रही थी। मृतक नीरज के चचेरी बहन की शादी है। परिजनों ने बताया कि वह शादी का कार्ड बांटने राजगीर गया था। लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गया। उसकी मौत के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया। जहां शहनाई की गूंज सुनाई देने थी, वहां अब मातमी सन्नाटा पसरा है।  परिजनों के क्रंदन की गूंज सुनाई दे रही है। कोई नहीं जानता था कि ऐसा होगा। मगर ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। जहां बहन की शादी को लेकर जोर शोर से तैयारी की जा रही थी। पलभर में सारी तैयारियों पर गम के बादल छा गए। 12 तारीख को बहन की डोली उठनी थी, परंतु उससे पहले ही चचेरे भाई की अर्थी उठ गई। वहीं, लड़की की भाई समेत दो लोग पटना के अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।


परिवार वालों से मिल विधायक ने बंधाया ढ़ाढस

दुर्घटना में मौत की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार ने दुख जताया। उन्होंने मृतक के आश्रित को पारिवारिक लाभ योजना अन्तर्गत 20000 रुपए प्रदान की। इधर, वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक अरुणा देवी ने परिजनों से मिल ढांढस बंधाया। घटना पर दुख जताते हुए उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।


वाहन को पुलिस ने किया जब्त, प्राथमिकी दर्ज

दुर्घटना के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। अज्ञात चालक के विरुद्ध पकरीबरावां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। चालक घटना के बाद भाग गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post