जंगलराज से भागे लोग अब सुशासन के दौर में लौटने लगे: सम्राट चौधरी

👉

जंगलराज से भागे लोग अब सुशासन के दौर में लौटने लगे: सम्राट चौधरी


पटना(ईएमएस)।
बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने राजद पर तंज कसते हुए कहा है कि एक समय था जब लोग बिहार का जंगलराज देखकर पलायन कर गए थे। अब सुशासन का दौर लौट रहा है तो उनकी भी वापसी होने लगी है। बिहार के उजियारपुर से भाजपा प्रत्याशी नित्यानंद राय के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि लालू यादव की बेटी और सारण से राजद की प्रत्याशी रोहिणी आचार्य पर तंज कसते हुए कहा कि सुशासन के राज में आज राजद अध्यक्ष की बेटी भी लौट रही है।उन्होंने आगे कहा कि आज भारत विकसित बनने की ओर बढ़ गया है। विकसित भारत के लिए मजबूत सरकार जरूरी है। पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे, जो सोनिया गांधी की ओर से स्वीच दबाए जाने के बाद ही बोलते थे। आज देश को फिर से मोदी सरकार चाहिए क्योंकि मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को इज्जत घर, मुफ्त गैस सिलेंडर, कारीगरों को विश्वकर्मा योजना, करोड़ों जीविका दीदियां, गरीब, पिछड़े, दलितों का अधिकार और लाभ जारी रहे।

इससे पहले सम्राट चौधरी पश्चिम चंपारण लोकसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजय जायसवाल के नामांकन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एक रोड-शो में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि चंपारण ही वह धरती है, जिसे गांधी जी ने अपनी कर्मस्थली बनाई। यह वही भूमि है, जिसने गांधी जी को महात्मा बना दिया। चंपारण से एक बार फिर विजय क्रांति उठी है।रोड शो में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। सम्राट चौधरी ने कहा कि चंपारण की यह भीड़ ने साफ संदेश दिया है कि यहां के लोगों की यही पुकार है कि फिर एक बार, मोदी सरकार। ध्यान रहे कि कुछ दिन पहले ही सम्राट चौधरी ने लालू यादव को लेकर बड़ा बयान दे दिया था। जिसकी चारों तरफ आलोचना हुई थी। सम्राट चौधरी ने कहा था कि लालू यादव ने किडनी के बदले टिकट दिया है। इस बयान को लेकर मीसा भारती ने पलटवार किया था। इस बयान की काफी आलोचना हुई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post