डोला गांव में फसल में आग लगने पर महिलाओं को बनाया बंधक

👉

डोला गांव में फसल में आग लगने पर महिलाओं को बनाया बंधक

 



मंदिर में पूजा के दौरान कपूर जलाने से पान की फसल जलकर खाक

पुलिस ने महिलाओं को कराया मुक्त

प्रखंड संवाददाता, पकरीबरावां(नवादा) 

शनिवार को पकरीबरावां थाना क्षेत्र के डोला गांव में एक शादी विवाह के रस्म के दौरान मंदिर में जलाए गए कपूर की चिंगारी से पान की फसल में आग लग गई। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने महिलाओं को बंधक बना लिया। पान के कृषकों के लाखों की फसल जलकर राख हो गई। बताया जाता है कि डोला गांव के अर्जुन पासवान की पुत्री की शादी थी। जिसे लेकर गांव के बाहर रहे देवी मंदिर में परिवार के लोग पूजा अर्चना के लिए गए थे। देवी मंदिर के समीप रहे एक पिंडी में जैसे ही पूजा करने गई महिला धूप एवं कपूर जलाई, वैसे ही तेज हवा की लपटों के साथ पास में रहे पान के बरैठा में जलता हुआ कपूर चला गया। इसके बाद भयंकर आग लग गई। घटना में एक कार, पुआल, गेहूं की फसल सहित लाखो रुपए के पान की फसल जलकर खाक हो गए। बाद में मामले की सूचना लोगों ने स्थानीय प्रशासन को दी। जिसके बाद नवादा कौवाकोल, वारसलीगंज एवं शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना से फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। लगभग 5 घंटे के मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इधर मामले को लेकर किसानों ने अर्जुन पासवान के परिवार पर जान बूझकर पान के खेत में आग लगाने को लेकर कई लोगों को नामजद बनाते हुए पकरीबरावां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

किसानों ने महिलाओं को बनाया बंधक

शनिवार को डोला गांव में हुए आगलगी की घटना में पूजा करने गई तीन महिलाओ को किसानों ने बंधक बना लिया। जिसमे टूना देवी, कंचन कुमारी व अंक्षी कुमारी शामिल हैं। बताया जाता है कि आगलगी की घटना के बाद किसानों के पक्ष से कुछ लोग शादी की तैयारी कर रहे अर्जुन पासवान के घर आ धमके और महिलाओं आदि के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया जिसमें कोमल कुमारी, अर्जुन पासवान, स्नेहा कुमारी, उदित कुमार सहित कई अन्य घायल हो गए वहीं पूजा करने गई महिला को बंधक बना लेने से आक्रोशित परिजन पकरीबरावां थाना आ पहुंचे जहां नवादा एसपी से लोगों ने शिकायत की। जिस पर उन्होंने तत्काल गांव जाकर महिला को बंधक से मुक्त कराने का निर्देश दिया। एसडीपीओ महेश चौधरी, थानाध्यक्ष अजय कुमार समेत कई अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित किसानों से महिला को मुक्त करने कहा। काफी देर तक किसान अड़े रहे। बाद में किसानों ने एक ट्यूबल में महिला को रखने की बात कही। लगभग पांच घंटे के बाद तीनों महिला को गांव के सतीश चौरसिया के ट्यूवेल से एसडीपीओ महेश चौधरी ने मुक्त कराते हुए पकरीबरावां थाना लाया एवं दोनो पक्षों से थाना में आकर आवेदन देने की बात कही। जिसके बाद दोनो पक्षों ने पकरीबरावां थाना में अलग अलग आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

आधा घंटा तक हुई रोड़ेबाजी 

आगलगी की घटना के बाद दोनो पक्ष आपस में भिड़ गए। लगभग आधा घंटा तक रोड़ेबाजी की घटना घटी है। जिसमे एक पक्ष से आधा दर्जन महिला समेत दूसरे पक्ष से पंकज चौरसिया बुरी तरह घायल हो गए। जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां में किया गया है। वहीं मामले को लेकर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दोनो पक्ष से अलग अलग मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जो भी लोग दोषी हैं, वह कतई बख्शे नहीं जायेंगे। वहीं थानाध्यक्ष ने दोनो पक्षों को तत्काल शांति व्यवस्था बहाल करने का निर्देश दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post