कृष्णा नगर आगजनी घटना की कराई जाए सीबीआई जांच : मांझी

कृष्णा नगर आगजनी घटना की कराई जाए सीबीआई जांच : मांझी



केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने राजद पर बोला हमला

कृष्णा नगर पहुंच कर पीड़ितों का जाना हाल

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा 

पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी रविवार को नवादा पहुंचे। उन्होंने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर पहुंच कर आगजनी के पीड़ित परिवारों का हाल जाना। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री ने घटना को दुखद व शर्मनाक बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की। मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि घटना एक घर की नहीं, बल्कि कई घरों की है। इसलिए इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने घटना के बाबत कहा कि पीड़ितों का जमीन विवाद को लेकर न्यायालय में 1995 से टाइटिल शूट चल रहा है। लेकिन अबतक इसका निबटारा नहीं हो सका। यह न्यायिक प्रक्रिया का दोष है। अगर मामले का निबटारा पहले हो गया होता तो शायद यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। 

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि भू माफिया जमीन हड़पना चाहते हैं। कृष्णा नगर के लोग धन्यवाद के पात्र हैं जो आजतक अड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी इस मामले में झूठ बोल रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि वे लोग तीन साल से रह रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि वे सभी 1966 से रह रहे हैं। जिला प्रशासन वास्तविकता को छिपा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हस्तक्षेप व निर्देश पर पीड़ित परिवारों को सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जमीन अब काफी महंगी हो गई है। इसलिए भू माफिया की गिद्ध दृष्टि लग गई है। विधानसभा में हमने कहा है कि बिहार में महादलितों को जमीन पर कब्जा करने नहीं दिया जा रहा है। उनका परमाना खरीद लिया जा रहा है, चोरी कर लेता है या जबरदस्ती छीन लेता है। ऐसी कई घटनाएं हुई हैं। 100 में 70 मामले ऐसे आते हैं तो उसमें राजद का हाथ होता है। उन्होंने कहा कि वारिसलीगंज के बरनावां में भी इसी प्रकार की बात सामने आई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने घटनास्थल पर मौजूद पीड़ितों से उनकी व्यथा सुनने के बाद यह भरोसा दिलाया कि सरकार द्वारा प्रदत्त सभी तरह की सुविधा पीड़ितों को उपलब्ध कराई जाएगी। सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। और इसके बाद आवास समेत राशन पानी आदि की व्यवस्था भी तत्काल ही की जाएगी। सरकार और जिला प्रशासन इस संबंध में पूरी तत्परता बरत रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post