टमाटर के बीच छिपाकर लाए जा रहे गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

👉

टमाटर के बीच छिपाकर लाए जा रहे गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


-


रजौली चेकपोस्ट पर गुप्त सूचना पर उत्पाद टीम ने की कार्रवाई

- पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं गिरफ्तार दोनों तस्कर 

प्रतिनिधि, विश्वास के नाम नवादा : 

रजौली में बिहार-झारखंड सीमा स्थित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार की रात भारी मात्रा में गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गांजा को पिकअप वैन पर टमाटर के बीच छिपाकर लाया जा रहा था।  पकड़े गए तस्करों में पश्चिम चंपारण जिले के धनहा थाना क्षेत्र के कोटनहवा गांव के परम सहनी का पुत्र बृजेश कुमार व भीतहा थाना क्षेत्र के रूपाही टांड़ गांव के शेषनाथ पटेल का पुत्र मनीष कुमार पटेल शामिल हैं। 

मद्य निषेध अधीक्षक ने बताया कि झारखंड के रास्ते चेकपोस्ट से होकर गांजा की एक बड़ी खेप के गुजरने की सूचना मिली थी। जिसके बाद चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच गहनता से की गई। इसी क्रम में टमाटर लदी एक पिकअप वैन को रोका गया। जांच करने पर 970 किलो टमाटर के नीचे सब्जी के कैरेट में प्लास्टिक बैग में भरा गांजा बरामद किया गया। कुल 198 किलो गांजा बरामद किया गया। जिसमें 02 किलो के 73 पैकेट व एक किलो के 46 पैकेट शामिल हैं। तत्काल तस्करों को गिरफ्तार करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। छापेमारी अभियान का नेतृत्व रजौली जांच चौकी के अवर निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी ने किया। तस्करों ने पूछताछ में बताया कि रांची के बेड़ो रोड में गांज लोड किया गया था। इसे पटना में सुनील कुमार गुप्ता नामक कारोबारी तक पहुंचाना था। इस बाबत उत्पाद थाने में दोनों तस्करों समेत तीन लोगों को आरोपित किया गया है। इनमें मुख्य धंधेबाज सुनील कुमार गुप्ता भी शामिल है। मिल रही जानकारी के अनुसार आरोपित सुनील कुमार गुप्ता भी पश्चिम चंपारण के बेतिया का रहने वाला है और जब्त पिकअप वैन भी उसी की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post