नोटा का बटन दबाएंगी जीविका दीदियां

👉

नोटा का बटन दबाएंगी जीविका दीदियां


- मिशन नोटा-2024 को ले जीविका दीदियों एवं कैडरों की बैठक संपन्न

- 02 लाख नोटा का बटन दबाने का लिया संकल्प


 मुख्य संवाददाता,जमुई : गुरुवार को शहर के एक निजी होटल सभागार में बिहार प्रदेश जीविका कैडर संघ की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने की। बैठक में जमुई लोकसभा अंतर्गत सभी छह विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों जीविका दीदियां और कैडर उपस्थित रहे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जीविका महिला सशक्तिकरण के लिए बिहार सरकार की एक परियोजना है। इससे बिहार की करोड़ों महिलाएं जुड़ी हुई है, जो विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मानव श्रृंखला, वित्तीय साक्षरता, शराबबंदी, मनरेगा सर्वेक्षण, स्वच्छता और शौचालय निर्माण योजना इसके उदाहरण हैं। इसके बावजूद सरकार हम लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। सरकार जीविका को सिर्फ वोट बैंक के रूप में देखती है और इस्तेमाल करती है लेकिन अब यह सब चलने वाला नहीं है। सरकार ने हमारी 10 सूत्री जायज मांगों को नहीं मानी इसलिए जीविका से जुड़े लाखों जमीनी स्तर के कार्यकर्ता और करोड़ों जीविका दीदियां लोकसभा चुनाव में नोटा का बटन दबाएंगी। शेखपुरा निवासी प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार को चाहिए कि संघ की मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार करे नहीं तो सरकार अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। किसी भी कीमत पर जीविका कैडरों और दीदियों का शोषण नहीं होने देंगे। जीविका दिदिया एवं कैडर लोकसभा चुनाव में नोटा का बटन दबाएंगे। इसके लिए संघ की ओर से विशेष अभियान जारी है। तारापुर निवासी संघ की नेत्री आशा कुमारी ने कहा कि जीविका सिर्फ कहने को रह गई है महिला सशक्तिकरण की परियोजना। यहां सिर्फ लूट खसोट, शोषण और प्रताड़ना चल रहा है। सरकार को हमारी जायज मांगों के साथ-साथ इन सब मुद्दों पर भी पहल करनी चाहिए। बैठक में कैडरों को काम से हटाना, धमकी देना, प्रताड़ित करना, जीविका दीदियों के साथ अभद्रता करना, जिले में संचालित जीविका कार्यक्रम में वित्तीय अनियमितता एवं घोटाले पर भी चर्चा की गई। बैठक को दीपमाला देवी, सुशीला मुर्मू, राजेश पासवान, अशोक कुमार, सुनीता देवी सहित संघ के दर्जनों लोगों ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मुरारी कुमार, महासचिव चंद्रदेव यादव, प्रखंड अध्यक्ष रजनी कुमारी, शोभा देवी, पिंकी पासवान, मधु देवी,शैलजा देवी, रिंकी देवी अन्य कैडर और जीविका दीदियां मौजूद थीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post