चुनाव से पहले मोदी मैच फिक्सिंग कर रहे-राहुल

👉

चुनाव से पहले मोदी मैच फिक्सिंग कर रहे-राहुल

 


दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार 31 मार्च को I.N.D.I.A. ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली है। इसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना पहुंचीं।

रैली को सबसे पहले उद्धव ठाकरे ने संबोधित किया। उद्धव ने कहा- कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल हमारी बहन हैं। जब इस तानाशाही सरकार के खिलाफ हमारी बहनें लड़ रही हैं तो हमारे जैसे भाई पीछे कैसे रह सकते हैं। मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि आप अपने बैनर पर लगा दो कि भाजपा के साथ जो पार्टी है वो ED, CBI और IT है।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? आपके केजरीवाल को ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। आपके केजरीवाल शेर हैं। करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं।

सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का जेल से भेजा गया मैसेज भी पढ़ा। उन्होंने केजरीवाल की 6 गारंटियां पढ़ीं। पहला- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। दूसरा- गरीबों को बिजली फ्री। तीसरी- हर गांव- मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल। चौथा- हर गांव और मोहल्ले में क्लिनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल। पांचवीं- किसानों को MSP और छठी- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा।

वहीं भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा- आज यहां उमड़ा जन सैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए तानाशाही ताकतों ने अपने कदम बढ़ाए हैं, उसका अंत जनता इस चुनाव में कर देगी।

राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग कर रहे हैं। ये देश के संविधान को खत्म करना चाहते हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये सरकार (मोदी सरकार) किसी पार्टी के खाते फ्रीज कर देती है, किसी को जेल भेज देती है। इनको लगता है कि डंडे से चला लेंगे। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है, ये देश 140 करोड़ लोगों का है।

प्रियंका ने I.N.D.I. गठबंधन की 5 मांगें भी रखीं-

1. भारत के चुनाव आयोग के इलेक्शन में सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने चाहिए। 2. चुनाव आयोग को विपक्षी दलों के खिलाफ ED, CBI और इनकम टैक्स की कार्रवाई को रोकना चाहिए। 3. हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल की तत्काल रिहाई की जाए। 4. विपक्षी पार्टियों को वित्तीय रूप से कमजोर करने की कोशिशें बंद हों। 5. भाजपा को इलेक्टोरल बॉन्ड्स के जरिए जो फंड मिला है, उसकी SIT जांच होनी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post